सीएच एरिया में 9 रुपये में कार वॉश का प्रलोभन देकर युवक ने की चोरी
जमशेदपुर: सोनारी में ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। कार वॉश कराने के बहाने एक युवक ने महिला से गाड़ी की चाबी ले ली और उसके बाद फ्लैट में घुसकर नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर सोनारी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोनारी कागलनगर रोड नम्बर 7, एक्सटेंशन स्थित रानी सती अपार्टमेंट की निवासी सना सहगुप्ता खान (30 वर्ष), पति तारीक हुसैन ने लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को वह मायके सीएच एरिया, रोड नम्बर 3 स्थित पार्क डीयू अपार्टमेंट गई थीं। इस दौरान 21 सितंबर को शुभम कुमार नामक युवक ने उनके मोबाइल पर कॉल किया और कहा कि 9 रुपये में कार वॉश कराई जा रही है, जिसमें इंटिरियर व एक्सटीरियर पॉलिश शामिल है। झांसे में आकर उन्होंने कार की चाबी सौंप दी। कार की चाबी के साथ उनके सोनारी फ्लैट की चाबी भी थी। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने 22 सितंबर की शाम 7.01 बजे उनके फ्लैट में प्रवेश किया और 7.32 बजे पर बाहर निकल गया। यह पूरा घटनाक्रम सामने वाले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
