जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में एमबीए की पढ़ाई शुरू, पांच नए वोकेशनल कोर्स भी मिलेंगे
== कॉलेज प्राचार्य डॉ. अमर कुमार सिंह बोले—सस्ती फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थानीय युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
जमशेदपुर। शहर के उच्च शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव के तहत जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में सत्र 2025-27 से एमबीए (मैनेजमेंट स्टडीज) की पढ़ाई शुरू की जा रही है। कॉलेज के वोकेशनल विभाग में 25 सीटों पर नामांकन की स्वीकृति मिल चुकी है। दाखिले की प्रक्रिया जारी है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अमर कुमार सिंह ने बताया कि महज 25,000 रुपये प्रति सेमेस्टर फीस पर यह कोर्स छात्रों को उपलब्ध होगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन लंबे समय से प्रबंधन शिक्षा को लेकर प्रयासरत था। इस पहल से अब विद्यार्थियों को शहर में ही प्रबंधन शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
इससे पहले एमबीए की पढ़ाई सिर्फ कोल्हान विश्वविद्यालय या गिने-चुने संस्थानों में ही उपलब्ध थी, लेकिन अब को-ऑपरेटिव कॉलेज भी यह सुविधा देगा।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि छात्र उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहर न जाएं, बल्कि उन्हें घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर निर्माण के अवसर मिलें।
कॉलेज की कोशिश है कि शिक्षा को रोजगारपरक और समय की मांग के हिसाब से ढाला जाए।
प्राचार्य ने जानकारी दी कि कॉलेज में अगले शैक्षणिक सत्र से पांच नए वोकेशनल कोर्स भी शुरू होंगे, जिसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि इन वोकेशनल कोर्सेज में लाइब्रेरी साइंस, फिजिकल एजुकेशन, बायोटेक्नोलॉजी, इंवायरनमेंटल बायोलॉजी एंड वॉटर मैनेजमेंट जैसे कोर्स शामिल है
इन कोर्सों की फीस प्रवेश के समय तय की जाएगी।
कॉलेज में अभी बीबीए, बीसीए, बीएससी-आईटी जैसे वोकेशनल कोर्स पहले से ही संचालित हो रहे हैं और इन सबका मकसद छात्रों को नौकरी के लायक व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।
नए कोर्सों के जुड़ने से कॉलेज की शैक्षिक गुणवत्ता में और वृद्धि होगी।
डॉ. अमर कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज प्रशासन गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ साथ छात्रों को मॉडर्न लाइब्रेरी, हाइटेक रीडिंग रूम और सुरक्षित परिसर देने के लिए निरंतर काम कर रहा है।
इन बदलावों से विद्यार्थी जमशेदपुर में ही देश-विदेश की लेटेस्ट करियर संभावनाओं के अनुकूल शिक्षा हासिल कर सकेंगे।
छात्र और अभिभावक दोनों, इन बदलावों से काफी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का विस्तार शहर के विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।
प्राचार्य नहीं अभी जानकारी दी की इन कोर्सेस में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए भी गंभीरता से प्रयास किया जा रहे हैं ।
कई कंपनियों से बातचीत की गई है. दो कंपनियों ने दुर्गा पूजा के बाद प्लेसमेंट के लिए आने की सहमत प्रदान की है।
उन्होंने उम्मीद जताई की जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज के ऐसे विद्यार्थियों को अपने संस्थान में ही विभिन्न कंपनियों के माध्यम से प्लेसमेंट का अवसर प्राप्त होगा
