रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने वीर नारियों को किया सम्मानित, कहा – पूर्व सैनिकों की समस्याओं का होगा प्राथमिकता से समाधान
रांची: झारखंड के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोमवार को रांची के दीपाटोली स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित 212वें स्पर्श आउटरीच कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जमशेदपुर और गुमला में नए स्पर्श सेंटर खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम में राज्य भर के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और शहीद परिवारों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

212वां स्पर्श आउटरीच कार्यक्रम पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सेवा और समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। जमशेदपुर और गुमला में स्पर्श सेंटर की घोषणा से राज्य के पूर्व सैनिकों को काफी राहत मिलेगी। इससे उनकी पेंशन, शिकायत निवारण और अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
एक पेड़ मां के नाम से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और विशिष्ट अतिथि आर.के. अरोड़ा (आईडीएएस, सीजीडीए) द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण से हुई। इसके पश्चात पूर्व सैनिकों के सम्मान का सिलसिला शुरू हुआ।
वीर नारियों को दिया गया सम्मान
रक्षा राज्यमंत्री ने वीर नारियों के पास जाकर उनके चरण स्पर्श किए, उन्हें प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उनका यह भावुक और सम्मानजनक व्यवहार उपस्थित जनसमूह के बीच चर्चा का विषय रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेनाओं में एक है। हमें अपनी सेना के बलिदान और समर्पण पर गर्व है। सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
सेना के गौरव को किया नमन
संजय सेठ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने बहनों के सिंदूर का बदला लेकर यह सिद्ध किया है कि भारत अपनी शहादत का जवाब देना जानता है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के लिए हर संभव प्रयास कर रही है
पूर्व सैनिकों की सुविधा और शिकायत निवारण को ध्यान में रखते हुए, मंत्री ने जमशेदपुर और गुमला जिलों में ‘स्पर्श सेंटर’ स्थापित करने का निर्देश दिया। इस पर सीजीडीए आर.के. अरोड़ा ने सहमति जताई। इससे दोनों जिलों के हजारों पूर्व सैनिकों को लाभ मिलेगा।
सीडीए पटना के अधिकारी से की पूर्व सैनिकों ने मुलाकात
कार्यक्रम के बाद पूर्व सैनिकों ने सीडीए पटना के अधिकारी हिमांशु शंकर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं और सहयोग का आग्रह किया।
600 से अधिक पूर्व सैनिक और वीर नारियां हुए शामिल
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर निरंजन कुमार – निदेशक, झारखंड सैनिक कल्याण बोर्ड, एयर कमोडोर ए.के. अधिकारी, कर्नल किशोर सिंह – कोल्हान सैनिक बोर्ड शामिल हुए।
सुशील कुमार सिंह, बलजीत सिंह, चंद्रमा सिंह, सतनाम सिंह, हंसराज सिंह, जावेद हुसैन, भोला प्रसाद सिंह, अनिल झा, उपेंद्र प्रसाद सिंह, ब्रज किशोर सिंह, रमेश शर्मा, डी.एन. सिंह, भरत पोद्दार, प्रमोद कुमार दास, अनिरुद्ध सिंह ने पूर्वी सिंहभूम से प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम में वीर नारियां – दुर्गावती देवी, सीमा देवी, मनोरमा देवी समेत अन्य भी शामिल हुई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान, ‘भारत माता की जय’, और ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ हुआ।
