पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा मटियाल से ब्राउन शुगर के साथ 4 गिरफ्तार, 106 ग्राम नशा बरामद
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की बहरागोड़ा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के मटियाल में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके पास से 106 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन बाइक और 1550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस मामले का खुलासा ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़सोल छोटा पुरूलिया निवासी राकेश कुमार सामड, मुसाबनी गली नंबर-2 धोबी लाइन निवासी राजा रजक, चंदन खटुवा और मुसाबनी गली नंबर-1 निवासी अंशु मिश्रा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का पांचवां सदस्य राजा अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मटियाल इलाके में ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चार लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 106 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी काली बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
एसपी ने कहा कि यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
पुलिस लगातार ऐसे गिरोहों पर निगरानी रख रही है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने साफ कहा कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले माफिया किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और फरार आरोपी राजा की तलाश तेज कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
ब्राउन शुगर : जानलेवा नशा
ब्राउन शुगर एक प्रकार का सिंथेटिक नशीला पदार्थ है, जो हेरोइन से तैयार किया जाता है। इसका सेवन करने वाले को शुरू में उत्तेजना और कृत्रिम ऊर्जा का अहसास होता है, लेकिन धीरे-धीरे यह शरीर को खोखला कर देता है।
इसकी लत से शरीर के अंग काम करना बंद करने लगते हैं।
लंबे समय तक सेवन करने से मौत तक हो सकती है।
एक बार लत लगने के बाद इसे छुड़ाना बेहद मुश्किल होता है।
युवाओं में इसकी लत तेजी से फैल रही है, क्योंकि इसे गुपचुप तरीके से कम दाम पर उपलब्ध करा दिया जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ब्राउन शुगर सिर्फ व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देती है। यही कारण है कि पुलिस और प्रशासन इसे रोकने के लिए सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।
