चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनाखान स्टेशन के पास गुरुवार तड़के भुवनेश्वर- धनबाद स्पेशल ट्रेन ने रेल पटरी पर टहल रहे एक विशाल हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से रेलवे और वन विभाग की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे ट्रेन तेज रफ्तार से गुजर रही थी। इसी बीच हाथी अचानक ट्रैक पर आ गया। चालक ने आपात ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन टक्कर टल नहीं सकी। हाथी जोरदार टक्कर से पटरी से उछलकर दूसरी लाइन पर जा गिरा। स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल हाथी को तड़पते देखा। वन विभाग की मेडिकल टीम ने इलाज किया लेकिन दोपहर तीन बजे हाथी ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र एलिफेंट कॉरिडोर के रूप में चिन्हित है। यहां वनकर्मियों की ड्यूटी रहती है लेकिन हाथियों की मौजूदगी की सूचना रेलवे तक नहीं पहुंचाई गई।
उनका आरोप है कि यदि समय रहते अलर्ट जारी किया जाता तो न केवल हाथी की जान बचाई जा सकती थी बल्कि ट्रेन हादसा भी रोका जा सकता था। हादसे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। कई गाड़ियां घंटों रोकी गईं जिनमें गया- मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस, राउरकेला- भुवनेश्वर इंटरसिटी, हावड़ा- पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस और संबलेश्वरी एक्सप्रेस शामिल रहीं। हाथी की मौत से ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि वन्यजीव संरक्षण और रेलवे सुरक्षा के बीच समन्वय की कमी लगातार जानवरों और यात्रियों की जान पर भारी पड़ रही है।
