कपाली में 21 पुड़िया ब्राउन शुगर समेत युवक गिरफ्तार
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने रामू चौक में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में एक और युवक के ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की गिरफ्तार युवक ने। उस युवक की गिरफ्तारी को लेकरभी पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सरफराज शेख को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ब्राउन शुगर तस्कर कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताजनगर जुबैर राशन दुकान के समीप का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी सरफराज पहले भी दो मामले में जेल जा चुका है। कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने कहा कि कपाली क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में ब्राउन शुगर सहित किसी भी तरह का नशे का कारोबार करने वालो को बख्शा नही जाएगा। पुलिस- प्रशासन पूरी सख्ती के साथ ऐसे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है।
