टोंटो में दंतैल हाथी की संदेहास्पद मौत
चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम के टोन्टो थाना क्षेत्र के सेरेंगसिया गांव में एक दंतैल हाथी की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई है। घटना के बाद हाथी के शव के सामने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, वन कर्मी और डाॅक्टर मौके पर पहुंच चुके हैं।
हाथी की मौत के पीछे कई संभावनाएं, करंट या जहर पर संशय
वन विभाग मामले की जांच कर रहा है। वैसे अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उसकी मौत करंट लगने से हुई या कुछ और कारण है।। कुछ लोगों का कहना कि जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है। जांच-पड़ताल के बाद ही मौत का कारण साफ होगा।
बिजली विभाग भी मौके पर, जांच में जुटी टीम
इधर करंट लगकर मौत की सूचना पर बिजली विभाग भी एक्शन मोड में आ गया है। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहा है। वन विभाग के डीएफओ (चाईबासा) आदित्य नारायण ने कहा कि हाथी की मौत की सूचना उन्हें मिली है। इसके बाद अधिकारी और वनकर्मी घटनास्थल पर मामले की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत कैसे हुई है। इधर जानकारी मिली है कि मृत हाथी कुछ दिनों से आसपास के ग्रामीण इलाकों में काफी उत्पात मचा रहा था।
हाथी की गतिविधियों से ग्रामीण काफी परेशान थे। लोगों में दहशत भी था। इस बीच हाथी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी ने फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ घरों को भी ध्वस्त कर दिया था, जिससे लोग काफी भयभीत थे।
पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की स्थिति चिंताजनक
कहीं हाथी बम विस्फोट से घायल हो रहे हैं, तो कहीं हाथी की मौत हो जा रही है। इस बीच अब एक हाथी की संदिग्ध हालत में मौत ने वन विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग पर भी सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ जहां केंद्र सरकार वन्यजीव को बचाने के लिए करोड़ों अरबों खर्च कर रही है। वहीँ पश्चिमी सिंहभूम के जंगली इलाकों में हाथियों की जान पर आफत बन आई है।
