जमशेदपुर में पांच दिन में दूसरी बार ज्वेलर्स से लाखों की लूट, साकची में 10 लाख का गहना भरा बैग छीनकर भागे अपराधी
महज पांच दिन में दूसरी बार आभूषण कारोबारी के कर्मचारियों से लाखों की लूट की घटना से दशहत व भय का माहौल और बढ़ गया है
जमशेदपुर : बेजोड़ डिजाइन व उम्दा गुणवत्ता वाले आभूषणों के लिए खास पहचान रखनेवाले झारखंड के जमशेदपुर शहर का सर्राफा बाजार इन दिनों बेलगाम अपराधियों से त्रस्त है. महज पांच दिन में दूसरी बार आभूषण कारोबारी के कर्मचारियों से लाखों की लूट की घटना से दशहत व भय का माहौल और बढ़ गया है.
लूट की नई घटना शुक्रवार शाम चार बजे के करीब साकची बाजार में बसंत टॉकीज के पास हुई. एक आभूषण कारोबारी के कर्मचारियों से खुद को पुलिस कर्मी बता अपराधियों ने करीब दस लाख रुपये के सोने के गहने लूट लिए. इससे पहले सोमवार को बिष्टुपुर में एक प्रमुख आभूषण कारोबारी के कर्माचारियों से 32 लाख रुपये की लूट की गई थी.
साकची बाजार के बसंत टॉकीज के पास राजन सर्राफ के गहनों के हालमार्क की दुकान है, जहां से आभूषण व्यापारी अपने गहनों की हालमार्किंग कराते है. बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम चार बजे के करीब साकची बाजार में स्थित दीप ज्वेलर्स से सोने के गहने लेकर राजन सर्राफ के दो कर्मचारी हालमार्किंग दुकान में जा रहे थे.
तभी बसंत टॉकीज के पास दो अपराधियों ने उन्हें रोक दिया और रास्ते के किनारे चलने को कहा. खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए कहा कि आजकल शहर में बहुत चेकिंग चल रही है. इसलिए तुम्हारे थैले को चेक करना है. देखना है इस में क्या है? कहीं नशीला सामान तो नहीं है?
बताया जाता है कि दोनों अपराधियों ने पुलिस का अपना पहचान पत्र भी दिखाया. इसके बाद कारोबारी के कर्मचारियों ने दोनों को पुलिस कर्मी समझ जैसे ही दिखाने के लिए थैला खोला, अपराधियों ने थैले को छीन लिया और पलक झपकते वहां से फरार हो गए. बताया जाता है कि दोनों अपराधी लंबे कद काठी के थे.
इसके बाद कर्मचारियों ने दौड़कर अपने मालिक को घटना के बारे में बताया. इसके बाद सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया समेत कई लोग वहां पहुंच गये और मामले की जानकारी ली. देर शाम तक वहां आभूषण कारोबारियों समेत अन्य व्यापारियों के आने जाने का सिलसिला चलता रहा.
