गम्हरिया : भारतीय सेना के जवान संतोष राय ने तीन युवकों पर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा धमकी देने का आरोप लगाते हुए गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, 11 जून की दोपहर करीब दो बजे संतोष राय अपने निजी कार्य से गम्हरिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बोलायडीह रोड नंबर-10 स्थित एक दुकान के पास उनकी मुलाकात अभिषेक उर्फ गांधी, दीपक और विशेष नामक युवकों से हुई।
आरोप है कि तीनों युवकों ने संतोष राय से आर्मी कैंटीन से शराब उपलब्ध कराने की मांग की। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे करीब 12 हजार रुपये छीन लिए गए।
संतोष राय ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए गम्हरिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
