सभी नगर निकायों में डॉग शेल्टर के लिए स्थल चिन्हित करने के निर्देश
जेएनएसी के सिवा किसी भी निकाय में उपलब्ध नहीं स्ट्रीट डॉग प्रबंधन व डॉग शेल्टर होम
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन ने नगर निकायों की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पेयजलापूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, बस स्टॉप, शेल्टर होम, डॉग शेल्टर एवं अन्य शहरी सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) : जेएनएसी के उप नगर आयुक्त ने बताया कि संपर्क पथ निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा दो ब्लॉक का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसमें 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है। अब तक 192 लोगों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। उपायुक्त ने नाली निर्माण कार्य को 31 मई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा शेष लाभुकों को भी शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
शहर के विभिन्न बस स्टॉप : शहर के विभिन्न बस स्टॉप को लेकर भी उपायुक्त ने निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकायों को बस स्टॉप चिन्हित कर आवश्यकतानुसार मरम्मती कार्य किया जाए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सैरात बाजार : उपायुक्त ने सैरात बाजारों के रेट फिक्सेशन की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कुल 22 ड्राई जोन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 12 क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पेयजलापूर्ति की जा रही है।
शेल्टर होम : शेल्टर होम की भी उपायुक्त ने जानकारी ली। शहरी बेघरों शेल्टर होम के लिए संचालित की समीक्षा में उपायुक्त ने उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी शेल्टर होम में पेयजल की समस्या नहीं रहनी चाहिए। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति, पंखों की मरम्मती एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा।
स्ट्रीट डॉग प्रबंधन व डॉग शेल्टर होम : इस दौरान बैठक में स्ट्रीट डॉग प्रबंधन एवं डॉग शेल्टर होम संचालन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सभी नगर निकायों में डॉग शेल्टर के लिए स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। बताया गया कि जेएनएसी क्षेत्र में डॉग शेल्टर संचालित किया जा रहा है। अन्य नगर निकायों में भी शीघ्र स्थल चयन कर डॉग शेल्टर प्रारंभ करने तथा स्ट्रीट डॉग के वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बहरहाल इस मामले में प्रशासन का रवैया लंबे समय से उदासीन रहा है। जेएनएसी के अलावा किसी भी निकाय के द्वारा इस मामले में पहले नही की गई। तुर्रा यह कि किसी भी जनप्रतिनिधि ने भी इस मामले में पहल नहीं की।
अन्य सेक्टर : नगर निकायों में स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, नाला सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं वर्षा पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त जेएनएसी समेत अन्य सभी नगर निकायों के सभी सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सीएमएम, अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
