पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना में कार्यरत नवनियुक्त चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की नृशंस हत्या कर दी गई है। चौकीदार की हत्या थाना से महज एक किमी दूर बड़ासिगदी गांव के पास की गई।
कातिलों को हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की है। मुख्य सड़क पर लाश को फेंक दिया गया है। घटना मंगलवार ढाई बजे की है। मिली जानकारी अनुसार पोटका थाना में किसी ने सूचना दी कि घटनास्थल पर दुर्घटना हुई है।
सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू पुलिस बल सहित पहुंचे। घटनास्थल पर चौकीदार ज्योतिका का लहूलुहान शव औंधे मुंह गिरा पाया। शव की स्थिति से साफ प्रतीत होता है कि किसी ने धारदार हथियार से गला रेत कर चौकीदार की हत्या कर दी है।
सूचना पाकर बीडीओ अरुण कुमार मुंडा,सीओ निकीता बाला भी मौके पर पहुंची एवं घटना पर अफसोस जताया। इस नृशंस घटना के आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।

