शराब के नशे में था चालक, घर में मच गई अफरा- तफरी
पांच मिनट पहले तक वह अपने बरामदे में बैठे थे परिवार के मुखिया लक्खीकांत गोराई
पटमदा: पटमदा थाना क्षेत्र के दिघी पंचायत के केंदडीह गांव में सोमवार शाम लगभग साढ़े 7 बजे अनियंत्रित मैजिक वैन घर के अंदर घुस गया। इस हादसे में कई लोग बाल -बाल बचे।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही एक युवक शंभू महतो अपनी टाटा मैजिक वैन (सवारी गाड़ी) को तेज रफ्तार से अपने घर की ओर ले जा रहा था। देखते ही देखते अनियंत्रित वैन गांव के ही लक्खीकांत गोराई के घर में घुस गया। वैन बरामदे के एस्बेस्टस की छत को तोड़ते हुए पक्के मकान को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद घर में अफरा- तफरी मच गई। घर में मौजूद लोग चीखने चिल्लाने लगे। सभी एक -दूसरे की तलाश करने लगे। खोजबीन के बाद जब पता चला कि सभी लोग सुरक्षित हैं तो जान पर जान आई।
इस संबंध में पीड़ित परिवार के मुखिया लक्खीकांत गोराई ने कहा कि भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि उन्हें जीवन दान मिला क्योंकि घटना के 5 मिनट पहले तक वह बरामदे में एक खटिया पर बैठे हुए थे। किसी काम के बहाने अंदर घुसे ही थे कि तेज धमाकों के साथ देखते ही देखते-देखते गाड़ी उनके घर के अंदर घुस गई। आवाज सुनते ही आसपास के घरों से काफी संख्या में लोग पहुंचे और घटना की जानकारी ली। शराब के नशे में धुत चालक शंभू महतो को गाड़ी से किसी तरह निकालकर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पाकर सवा 8 बजे पहुंची पटमदा पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। घर के अंदर से गाड़ी को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना में लाखों का नुकसान होने का अनुमान है।
