रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से 24 सितंबर को रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जमशेदपुर की बिटिया गायिका श्रीमती शिल्पा राव ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पाश्र्व गायिका के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर श्रीमती शिल्पा राव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की बेटियों ने कई बार राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन किया है। शिल्पा राव की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। कहा कि
इस पुरस्कार से राज्य की युवा पीढ़ी को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने शिल्पा राव से कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान राज्य का भी सम्मान है।
कल्पना सोरेन संग शिल्पा ने गीत गुनगुनाया
मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मुलाकात का सबसे खास और यादगार पल तब आया जब शिल्पा राव ने कल्पना सोरेन संग गीत गुनगुनाया। कल्पना सोरेन ने ताल से ताल मिलाकर गीत में भाग लिया, जिससे कार्यालय का माहौल संगीत और उमंग से भर गया। वहां मौजूद लोगों ने इस आत्मीय और खुशनुमा पल का खूब आनंद लिया।
शिल्पा राव ने इस अवसर पर अपनी गायिकी जीवन की शुरुआत, चुनौतियां और बॉलीवुड में नेशनल अवॉर्ड तक की यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार उन्हें और भी मेहनत करने और झारखंड का नाम देश-विदेश में ऊंचा करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उपस्थित लोगों ने शिल्पा राव और कल्पना सोरेन के इस संगम को बेहद सराहा और इसे झारखंड की सांस्कृतिक उपलब्धियों का प्रतीक बताया।
