अधिकारियों के लिए भी सेकेंड इनिंग नाम से आएगा ईएसएस
40 साल से ज्यादा उम्र वाले कर्मचारी भी आवेदन कर सकेंगे
सरप्लस हो चुके या होने वाले भी उठा सकते हैं योजना का लाभ
10 साल तक कंपनी में सेवा दे चुके कर्मचारी ही होंगे पात्र
जमशेदपुर : टाटा स्टील में बोनस समझौता होते ही अब ईएसएस लाने की तैयारी हो गई है। टाटा स्टील में सुनहरे भविष्य की योजना 5.0 (ईएसएस/वीआरएस) को फिर से 1 सितंबर से लॉन्च किया जाएगा। स्टील वेज के साथ ही एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए भी यह योजना लागू होगी।
कंपनी प्रबंधन की ओर से इसकी जानकारी टाटा वर्कर्स यूनियन को दे दी गई है। सुनहरे भविष्य की योजना को अबतक चार बार लाया जा चुका है। हालांकि चौथी बार जनवरी में आई इस योजना से नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ स्कीम को बंद कर दिया गया है। इसे फिर से शुरू करने की मांग यूनियन के माध्यम से कर्मचारियों द्वारा की गई है। साथ ही कंपनी अधिकारियों के लिए सेकेंड इनिंग्स की भी शुरुआत होने वाली है। पूर्व की योजनाओं के अनुसार, 10 साल तक कंपनी में सेवा दे चुके कर्मचारी इसका लाभ उठा सकते हैं। 40 साल से ऊपर के उम्र वाले कर्मचारी भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। वैसे कर्मचारी, जो पहले सरप्लस हो चुके हैं या सरप्लस होने वाले हैं, वे भी लाभ ले सकते हैं। इसमें मेडिकल की सुविधा कर्मचारियों की तरह ही मिलेगी। कर्मचारी चाहें तो मेडिक्लेम की भी सुविधा ले सकते हैं। सुनहरे भविष्य की योजना का लाभ उठाने वाले को कंपनी से अलग होने के बाद प्रति माह मासिक प्रतिदान मिलेगा। आवेदक कर्मचारी की उम्र 40 साल है तो उसको वर्तमान बेसिक व डीए हर महीने मिलेगा। 50 साल के कर्मचारी को अंतिम वेतनमान का बेसिक व डीए का 110 फीसदी मिलेगा। 55 साल से ऊपर के कर्मचारी को 120 फीसदी अधिक वेतनमान यानी अंतिम बेसिक व डीए 60 साल तक मिलता रहेगा। अगर किसी कर्मचारी की मौत बीच में हो जाती है तो उनके परिवार को 60 साल की उम्र तक वेतनमान मिलता रहेगा। योजना का लाभ लेने वाले कर्मचारी 6 साल या फिर 58 साल की उम्र तक क्वार्टर रख सकते हैं। एकमुश्त 20 हजार रुपये भी मिलेगा। मेडिकल की सुविधा 60 साल तक कर्मचारी और उनके परिजन को मिलेगा। रिटायरमेंट के बाद जो सामान्य कर्मचारियों को सुविधा मिलती है, वह भी मिलेगी। क्वार्टर लेने वाले कर्मचारी क्वार्टर छोड़ेंगे तो 500 रुपये प्रति माह हाउस रेंट मिलेगा। कर्मचारी क्वार्टर खाली नहीं करते हैं तो ग्रेच्युटी और अन्य राशि का भुगतान नहीं होगा। 58 साल की उम्र में क्वार्टर खाली करना होगा।
अधिकारियों के लिए सेकेंड इनिंग
प्रबंधन की ओर से एक बार फिर सेकेंड इनिंग योजना की शुरुआत होने वाली है। यह योजना भी कर्मचारियों के लिए प्रारंभिक सेवानिवृत्ति योजना (ईएसएस) की तर्ज पर अधिकारियों के लिए डिजाइन की गई है। सेकेंड इनिंग योजना के तहत अधिकारियों को उनके सेवा काल और शेष कार्यकाल के आधार पर लाभ, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे। इस पहल से अनुभवी अधिकारियों को नए अवसर तलाशने या अपना व्यवसाय शुरू करने का मौका मिलेगा। वहीं, युवा प्रतिभाओं को कंपनी में उच्च पदों पर नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा। योजना का लाभ जमशेदपुर, कलिंगानगर, टिनप्लेट, वायर डिवीजन, टाटा स्टील गम्हरिया डिवीजन, मेरामंडली सहित विभिन्न इकाइयों के प्रबंधक से लेकर शीर्ष पदों पर आसीन अधिकारी उठा सकेंगे। योजना का उद्देश्य अनुभवी अधिकारियों को सम्मानजनक विदाई देकर युवा पीढ़ी के लिए नये रास्ते खोलना है। योजना के तहत 45 वर्ष से अधिक आयु और 10 वर्ष से अधिक का सेवाकाल पूर्ण कर चुके अधिकारी लाभ ले सकते हैं। पिछली बार एक अक्तूबर से 15 नवंबर 2024 तक चली इस योजना के तहत 300 सौ से अधिक अधिकारियों ने लाभ उठाया था। योजना के लाभार्थियों को उनके सेवाकाल और शेष कार्य अवधि के अनुपात में एकमुश्त राशि प्रदान की जाती है। साथ ही, चिकित्सा बीमा और अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।
