![]()
भुवनेश्वर, 11 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में राज्य की विकास यात्रा और मानव संसाधन विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलों को देश के सामने रखा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेल, तकनीक आधारित सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में ओडिशा द्वारा किए जा रहे कार्यों को विस्तार से बताया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा, प्रधानमंत्री मोदी के ‘पूर्वोदय’ विजन को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में ओडिशा की आर्थिक विकास दर 7.9 प्रतिशत रही, जबकि राजकोषीय घाटा और कर्ज का स्तर एफआरबीएम मानकों के भीतर बनाए रखा गया। इतना ही नहीं, नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2026 में ओडिशा को देश में पहला स्थान मिला है।
बैठक का विषय ‘विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ था। इस पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सड़कें, पुल और इमारतें बनाकर विकसित भारत नहीं बनाया जा सकता, बल्कि इसके लिए शिक्षित बच्चे, स्वस्थ परिवार, कुशल युवा और समान अवसर जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित ओडिशा’ के विजन के तीन प्रमुख स्तंभ (समावेशिता, समृद्धि और स्वास्थ्य-शिक्षा आधारित कल्याण) हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों के शुरुआती विकास पर राज्य विशेष ध्यान दे रहा है। बच्चे के मस्तिष्क का 85 प्रतिशत विकास जीवन के पहले दो वर्षों में हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुखद लालन-पालन, आमे पढ़िबा आमा भाषारे, मो विकास पत्र, आरोहण, सक्षम आंगनवाड़ी और विद्या-सार्थी जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही, राष्ट्रीय एआई मिशन के तहत एआई का उपयोग कर बच्चों की शिक्षा और विकास की निगरानी की जाएगी।
शिक्षा क्षेत्र में आमा कुनी पिला, शिशु वाटिका, प्रवेश उत्सव, खड़ी छुआं, गोदाबरिश मिश्रा आदर्श प्राथमिक विद्यालय, मुख्यमंत्री पोषण योजना, शहीद माधो सिंह हाथ खर्चा योजना, मातृभाषा आधारित बहुभाषी शिक्षा और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा अपने स्किल डेवलपमेंट सिस्टम को मजबूत कर रहा है। इसके तहत आईटीआई का आधुनिकीकरण, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एआई लैब, पीएम सेतु क्लस्टर और वर्ल्ड स्किल सेंटर का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, उच्च शिक्षा में 1.5 लाख छात्रों के लिए इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप आधारित डिग्री कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
उन्होंने खेल, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी राज्य की उपलब्धियों का जिक्र किया। ब्लॉक स्तर पर स्टेडियम निर्माण, एग्रीस्टैक आधारित डिजिटल फसल सर्वेक्षण और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘आमा साथी’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई तकनीक के माध्यम से शासन और जनसेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच साझेदारी को ज्यादा मजबूत करेगी।
वीकेयूडीकेपी
