बीटीपीएस पर फिर लगा दामोदर को प्रदूषित करने का आरोप, सरयू राय ने कार्रवाई की मांग की
बीटीपीएस की लापरवाही से फिर दामोदर प्रदूषित, पाइपलाइन फटने से जहरीला बहिस्राव नदी में
दूषित पानी ऐश पौंड से ही नदी में छोड़ा जा रहा, बीटीपीएस प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करे प्रशासन
रांची। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) पर एक बार फिर दामोदर नदी को प्रदूषित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पावर प्लांट से निकलने वाला दूषित बहिस्राव—जिसमें राख, छाई, तैलीय तत्व और खतरनाक रसायन शामिल हैं—सीधे कोनार नदी होते हुए दामोदर नदी में गिर रहा है, जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है।
राय ने बताया कि सामान्य प्रक्रिया के तहत इस बहिस्राव को ऐश पौंड में भेजा जाता है ताकि इसे सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जा सके। लेकिन हैरानी की बात है कि यही दूषित पानी ऐश पौंड से ही नदी में छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दामोदर बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह तस्वीरें भेजी हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि ऐश पौंड तक जाने वाली पाइपलाइन फट गई है। इसके कारण बहिस्राव बाहर बहकर पास के नाले के जरिए कोनार नदी में पहुंच रहा है और अंततः दामोदर को प्रदूषित कर रहा है।
सरयू राय ने इसे पहली घटना नहीं बताते हुए कहा कि कभी पाइपलाइन फट जाती है तो कभी ऐश पौंड की दीवार टूट जाती है, जिससे बार-बार नदियां प्रदूषित हो रही हैं। उन्होंने बोकारो के उपायुक्त को तस्वीरें भेजकर जिला पर्यावरण समिति के अधिकारों का उपयोग करते हुए तत्काल प्रदूषण रोकने और बीटीपीएस प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐश पौंड में जमा राख का नियमित निस्तारण नहीं होने के कारण प्रबंधन जानबूझकर समय-समय पर दूषित बहिस्राव नदी में छोड़ देता है। राय ने चेतावनी दी कि यदि अभी यह स्थिति है, तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं, जब अधिक जल प्रवाह के साथ प्रदूषण के सबूत भी मिट सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे उद्योगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, जो प्रदूषण रोकने में विफल हो रहे हैं।
