दिगड़ी मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा-राखा मुख्य सड़क पर दिगड़ी मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मुसाबनी प्रखंड के बदिया गांव निवासी 35 वर्षीय भावेश भकत के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, भावेश भकत अपने ससुराल कालिकापुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिगड़ी मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत जादूगोड़ा थाना को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल यूसिल जादूगोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि भावेश भकत पेशे से कनवाई ड्राइवर थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। वे अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और पिता को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
