नई दिल्ली : अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। 8 सितंबर 2026 से यह लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप कई पुराने एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स पर काम करना बंद कर देगा। कंपनी नए फीचर्स और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए अपने सिस्टम को अपडेट कर रही है, जिसके चलते पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले डिवाइस को सपोर्ट नहीं मिलेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब Meta Platforms के स्वामित्व वाला WhatsApp उन स्मार्टफोन्स पर नहीं चलेगा, जो Android 6.0 से पुराने वर्जन पर रन कर रहे हैं। यानी Android 5.0 और 5.1 वाले फोन यूजर्स 8 सितंबर के बाद इस ऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। हालांकि, iPhone यूजर्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि WhatsApp कई नए फीचर्स लाने की तैयारी में है, जिनमें ‘नोटिफिकेशन बबल्स’ शामिल हैं। इस फीचर के जरिए चैट्स स्क्रीन पर फ्लोटिंग आइकन के रूप में दिखाई देंगी, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और बेहतर होगा।
इस बदलाव का असर खासतौर पर भारत, ब्राजील, पाकिस्तान और दक्षिण-पूर्व एशिया व अफ्रीका के उन इलाकों में ज्यादा देखने को मिल सकता है, जहां अब भी बड़ी संख्या में लोग पुराने एंड्रॉयड डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हैं।
क्या करें यूजर्स?
अगर आपका फोन पुराने एंड्रॉयड वर्जन पर चल रहा है, तो पहले यह जांच लें कि आपका डिवाइस किस OS पर रन कर रहा है। इसके लिए फोन की सेटिंग्स में जाकर ‘सिस्टम अपडेट’ सेक्शन देखें।
यदि आपका डिवाइस अपडेट सपोर्ट नहीं करता, तो WhatsApp बंद होने से पहले जरूरी डेटा का बैकअप जरूर ले लें। इसके लिए WhatsApp की सेटिंग्स में जाकर ‘चैट्स’ और फिर ‘चैट बैकअप’ में जाकर ‘Backup Now’ पर क्लिक करें, ताकि आपकी चैट्स और फोटोज सुरक्षित रहें।
