जमशेदपुर में अलविदा जुमे की नमाज में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, ईद की तैयारियों शुरू
जमशेदपुर : रमजान के पाक महीने के अलविदा जुमा के दौरान शहर के सभी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर आस्था, उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अहले सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। लोग नए कपड़े पहनकर और अकीदत के साथ मस्जिदों में पहुंचे, जहां उन्होंने अल्लाह की इबादत की। नमाजियों ने अवाम के लिए अमन चैन और देश की सलामती की दुआ मांगी।
अलविदा जुमा की नमाज के दौरान मस्जिदों में विशेष सजावट और साफ-सफाई की गई थी, जिससे एक अलग ही रौनक नजर आ रही थी। कई स्थानों पर नमाजियों की संख्या अधिक होने के कारण मस्जिदों के बाहर लोगों ने नमाज अदा की गई। इमामों ने अपने खुतबे (उपदेश) में रमजान की अहमियत, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और इंसानियत की बेहतरी के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुमा की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह देखा गया।
शहर के कई इलाकों में पुलिस और प्रशासन भी इस दौरान मुस्तैद नजर आया, ताकि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर अलविदा जुमा के मौके पर पूरा शहर इबादत, एकता और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया।
शनिवार को ईद को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मस्जिदों के समक्ष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
