जमशेदपुर में होली से पहले लगेगा हंसी का महाकुंभ: 28 फरवरी को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन
- ‘सुरभि’ के तत्वावधान में कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में सजेगा काव्य का भव्य मंच, देशभर के चर्चित कवि करेंगे शिरकत
जमशेदपुर । नगर की सुप्रसिद्ध साहित्यिक संस्था ‘सुरभि’ की ओर से आगामी 28 फरवरी 2026, शनिवार को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम बिष्टुपुर स्थित श्रीमती कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल परिसर में संध्या 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित हास्य-व्यंग्य, ओज और श्रृंगार विधा के चर्चित कवि एवं कवयित्रियां अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे और समसामयिक विषयों पर चुटीले अंदाज में प्रहार करेंगे।
अर्जुन मुंडा करेंगे उद्घाटन
‘सुरभि’ के अध्यक्ष गोविंद दोदराजका (अग्रवाल) ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के उद्घाटन हेतु अर्जुन मुंडा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।
संतोष आनंद की मधुर उपस्थिति बनेगी आकर्षण का केंद्र
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद दोदराजका ने बताया कि आमंत्रित कवियों में प्रसिद्ध गीतकार संतोष आनंद विशेष आकर्षण रहेंगे। उन्होंने ‘शोर’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘प्रेम रोग’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘क्रांति’ और ‘प्यासा सावन’ जैसी फिल्मों के लिए अमर गीत लिखे हैं। उनका चर्चित गीत “इक प्यार का नगमा है” आज भी श्रोताओं के दिलों में बसता है और उन्हें कई बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
देशभर के चर्चित कवियों की दमदार मौजूदगी
कवि सम्मेलन में डॉ. आदित्य जैन (कोटा, राजस्थान) ‘लपेटे में नेताजी’ फेम, मुन्ना बैटरी (मंदसौर, मध्यप्रदेश), हिमांशु बवंडर (उज्जैन), चेतन चर्चित (इंदौर), श्रीमती शशि श्रेया (लखनऊ) तथा सुश्री श्रद्धा शौर्य (नागपुर) अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य जैन करेंगे।
25 वर्षों की सशक्त परंपरा
उल्लेखनीय है कि ‘सुरभि’ पिछले 25 वर्षों से होली के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर के कवि सम्मेलनों का भव्य आयोजन करती आ रही है। नगर के साहित्य प्रेमियों को हर वर्ष इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार रहता है।
प्रवेश निःशुल्क, आमंत्रण पत्र अनिवार्य
कवि सम्मेलन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, लेकिन प्रवेश केवल आमंत्रण पत्र के माध्यम से होगा।

आमंत्रण पत्र हेतु ‘सुरभि’ कार्यालय, 3/6 एच.एस. टावर, एल रोड, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा प्रवेश पत्र के लिए चन्द्रदेव सिंह राकेश (मो. 7542032508) एवं ओमप्रकाश (मो. 9431112564) से भी संपर्क किया जा सकता है।

