पश्चिम सिंहभूम में चाईबासा–डंगवापोसी रेल ट्रैक पर पहुंचा हाथियों का झुंड, घंटो ठप रहा ट्रेनों का परिचालन
चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम में गुरुवार की सुबह चाईबासा–डंगवापोसी रेल मार्ग पर झींकपानी के पास हाथियों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। इससे ट्रैक मेंटेनरों में अफरा-तफरी मची रही और कुछ देर के लिए ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। सतर्क कर्मचारियों ने सूचना दी और बाद में झुंड के जंगल की ओर लौटने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
हाथियों का झुंड काफी देर तक रेलवे ट्रैक के आसपास विचरण करता रहा। इस दौरान रेलवे ट्रैक को पार किया। हाथियों का झुंड जब ट्रैक से दूर जंगल की ओर चला गया, उसके बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ।
यह क्षेत्र हाथी प्रभावित जोन है। यही कारण है कि इस क्षेत्र में ट्रेनों की स्पीड कम करने और विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। रेलवे द्वारा ट्रैक के पास हाथियों के आने की सूचना वन विभाग को भी दी गई है।
मालूम हो कि पिछले दो पखवारे में पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न इलाकों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की हाथियों के हमले में मौत हो गई जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हुए।
