“बैठकी संध्या” : बंशी बोस म्यूज़िक फाउंडेशन, जमशेदपुर के बैनर तले शास्त्रीय संगीत संध्या शनिवार को
जमशेदपुर : भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से बंशी बोस म्यूज़िक फाउंडेशन, जमशेदपुर द्वारा आगामी 10 जनवरी 2026 (शनिवार), संध्या 5:30 बजे एक विशेष शास्त्रीय संगीत संध्या “बैठकी संध्या – ए क्लासिकल म्यूज़िक ईवनिंग (2026)” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पितृछाया, के रोड, बिष्टुपुर (श्री लेदर शोरूम के समीप) आयोजित होगा।
यह आयोजन पूर्णतः अ-व्यावसायिक है, जिसका उद्देश्य शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना, कलाकारों को सम्मानित करना तथा संगीत-प्रेमी श्रोताओं को एक गरिमामय सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना है।
इस कार्यक्रम में एक्सएलआरआई, जमशेदपुर के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं मार्केटिंग संकाय के सदस्य डॉ. शरद शरीन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर संगीत गुरु अंजन राय तथा टाटा टिमकेन वर्कर्स यूनियन के महासचिव विजय यादव को संगीत एवं सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अतिथि कलाकार के रूप में कोलकाता से पधार रहे सुप्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतज्ञ पं. अंजन चट्टोपाध्याय अपनी प्रस्तुति देंगे।
अन्य कलाकारों में—
श्री रियॉन बोस (सितार) एवं श्रीमती तानिया रॉय शेखावत (वोकल) शामिल हैं।
संगत कलाकार होंगे—
अंजन रॉय (हारमोनियम), स्वरूप मोइत्रा (तबला) तथा कार्तिक कर्मकार (तबला)।
उक्त अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
बंशी बोस म्यूज़िक फाउंडेशन ने शहर के संगीतप्रेमी नागरिकों, सांस्कृतिक संस्थाओं एवं संवेदनशील श्रोताओं से इस सांस्कृतिक पहल को सफल बनाने हेतु पृष्ठपोषण (Patronise) एवं स्वैच्छिक सहयोग का विनम्र आग्रह किया है। इच्छानुसार किसी भी राशि का सहयोग स्वीकार्य है, जिसका उपयोग कलाकारों के मानदेय, कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाओं तथा एक सुसंस्कृत सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में किया जाएगा।
फाउंडेशन का मानना है कि संवेदनशील श्रोताओं के सहयोग से शास्त्रीय संगीत के लिए बड़े मंच की नहीं, बल्कि सच्चे समर्थन की आवश्यकता होती है।
