उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद जमशेदपुर में बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने टाल दिया कंपनी गेट के घेराव का कार्यक्रम
समिति ने चेतावनी दी कि यदि दस दिनों भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन होगा

जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा कंपनी के प्रदूषण और शहरी क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को पहले चरण में उनके द्वारा टाटा कंपनी गेट का घेराव किया जाना था, लेकिन जिले के उपायुक्त की हस्तक्षेप के बाद फिलहाल इसे टाल दिया गया है।
रविवार को आंदोलन के पहले चरण में एक विशाल जनसभा का आयोजन वर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा मैदान में किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने शहर की ज्वलंत समस्याओं को तमाम नागरिकों के बीच रखा। समिति के सदस्य रामबाबू तिवारी ने कहा कि टाटा कंपनी में घुसने वाले बड़े वाहनों के कारण सड़क में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। बड़े वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी काफी बढ़ गई हैं, वहीं टाटा कंपनी के द्वारा शहर को काफी हद तक प्रदूषित भी किया जा रहा है।
समिति ने इसके खिलाफ आंदोलन करने का मन बना लिया है और आज पहले चरण में इसकी शुरुआत की गई है। जिले के उपायुक्त ने इस मामले में 10 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन समिति को दिया है, जिस कारण आज कंपनी गेट को जाम नहीं किया गया। अगर 10 दिनों के भीतर समाधान की दिशा में पहल नहीं होती है तो चरनबद्ध आंदोलन जारी किया जाएगा और कंपनी गेटों को जाम किया जाएगा।
