मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के कोचा कुढ़ना में शनिवार को संध्या 7 बजे एक जंगली हाथी ने वृद्ध महिला को कुचल कर मार डाला। मृतक महिला का नाम कुंवारी बारला है, महिला मनोहरपुर प्रखंड के गोपीपुर गांव की रहने वाली थी। महिला कोचा कुंढ़ना निवासी निकोलास सुरीन के घर में मेहमान आयी हुई थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार की लगभग 7 बजे जंगली हाथी कोचा कुंढ़ना निवासी निकोलस सुरीन के घर में हमला कर दिया। उस समय निकोलस व कुंवारी घर के बाहर आग ताप रहे थे। हाथी को देख सभी लोग भागने लगे, इसी दौरान हाथी ने उसे उठा कर पटक दिया, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया की हाथी ने निकोलस के घर में रखे धान खा लिया। साथ ही पड़ोस के घर एमलेन गुड़िया के घर में भी घुस गया, एमलेन किसी तरह घर से भाग कर अपनी जान बचाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने आग जला कर हाथी को भगाया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है, साथ ही हाथियों को भागने के लिए वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को फटाखा भी दिया गया।
