जमशेदपुर के परसुडीह ग्वाला पट्टी दुर्गाबाड़ी के समीप झोपड़ीनुमा घर से नवजात शिशु का शव बरामद
जमशेदपुर : परसुडीह के ग्वाला पट्टी दुर्गाबाड़ी स्थित एक बंद पड़े पुराने झोपड़ीनुमा घर से नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। इससे इलाके में सनसनी फैल गई।
शनिवार शाम कुछ बच्चे खेलते-खेलते जब उस घर के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने नवजात का शव देखा और शोर मचाया। बच्चों की सूचना पर देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि शिशु की पहचान और मामले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। स्थानीय निवासी शंभू सिंह यादव ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि यह मानवीय आधार पर भी गलत है। समाज के लिए यह शर्मनाक है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
