जमशेदपुर की पॉश कॉलोनी विजया गार्डन बारीडीह में चोरों से हड़कंप, अब फेजवाइज मॉडल से सुदृढ़ होगी सुरक्षा व्यवस्था
- रेजिडेंट्स एसोसिएशन ने उठाया बड़ा कदम
- हर फेज की अलग से निगरानी को कमेटी बनेगी
- पुलिस से समन्वय बनाकर सोसाइटी के लोग करेंगे काम
- गणमान्य लोगों की कॉलोनी में बढ़ती वारदातों से चिंता
जमशेदपुर : शहर के बारीडीह इलाके में स्थित विजया गार्डन, जिसे जमशेदपुर की सबसे पॉश और प्रतिष्ठित कॉलोनियों में गिना जाता है, इन दिनों लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत में है।
इस कॉलोनी में नेतरहाट विद्यालय के पूर्व छात्र, नामचीन डॉक्टर, इंजीनियर, प्रबंधक, उद्योगपति और प्रशासनिक अधिकारी सहित शहर के कई गणमान्य और रसूखदार लोग रहते हैं। अपनी सुसंस्कृत पहचान और व्यवस्थित वातावरण के लिए प्रसिद्ध विजया गार्डन आज अपराधियों की निगाह में है।
चोरी की घटनाओं से बढ़ी बेचैनी
हाल के दिनों में फ्लैट और वाहनों से जुड़ी चोरी की घटनाओं ने निवासियों की नींद उड़ा दी है। इसी क्रम में हुई विजया गार्डन रेजिडेंट्स एसोसिएशन की बैठक में इन घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई गई।
एसोसिएशन के सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सर्वसम्मति से यह माना गया कि अब सोसाइटी की मौजूदा केंद्रीकृत व्यवस्था इतनी बड़ी आबादी में प्रभावी नहीं रह गई है।
सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए ‘फेजवाइज मॉडल’ लागू करने का प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें हर फेज की जिम्मेदारी अलग कमेटी को दी जाएगी।
फेजवाइज सुरक्षा व निगरानी समितियों पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक फेज में एक स्थानीय निगरानी समिति बनाई जाएगी जो सुरक्षा, सफाई और समन्वय की सीधी जिम्मेदारी संभालेगी।
साथ ही, बिल्डर और तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह लेकर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट, गार्ड सिस्टम और एंट्री कंट्रोल को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
पुरानी वारदातों की जांच व पुलिस सहयोग पर भी सहमति
बैठक में यह सुझाव भी आया कि पुरानी चोरी की घटनाओं की समीक्षा और विश्लेषण किया जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक विशेष निगरानी टीम गठित होगी, जो पुलिस से समन्वय बनाकर गश्त और चौकसी को बढ़ाएगी।
भविष्य के लिए मिसाल बनेगा विजया गार्डन मॉडल
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि फेजवाइज मॉडल लागू होने से सुरक्षा और प्रबंधन दोनों सशक्त होंगे।
सदस्यों का कहना था कि इस पहल से हर निवासी की भागीदारी और जवाबदेही बढ़ेगी, जिससे विजया गार्डन फिर से सुरक्षित और व्यवस्थित कॉलोनी के रूप में अपनी पहचान कायम करेगा।
रेजिडेंट्स एसोसिएशन का विश्वास है कि यह मॉडल जमशेदपुर की अन्य आवासीय सोसाइटियों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।
