जमशेदपुर के टेल्को में महिला से छीनी चेन, राहगीरों ने पकड़ा और जमकर पिटाई कर दी
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने सड़क पर जा रही महिला से सोने की चेन छीन ली। घटना टेल्को स्टेडियम के पास की बताई जा रही है।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और मदद के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनते ही आसपास के लोग आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर भाग रहे युवक को राहगीरों ने घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसकी पहचान व आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। वहीं पीड़ित महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इस घटना में राहगीरों की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है, जिनकी सूझबूझ से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
