झारखंड के घाटशिला उपचुनाव में तेज हुआ प्रचार अभियान, भाजपा की ओर से डॉक्टर गोस्वामी ने संभाला मोर्चा
- मुख्य बिंदु
- झामुमो राज में स्वास्थ्य सेवाओं को बताया बदहाल, निशाने पर हेमंत सरकार
- भाजपा जनसंपर्क अभियान के दौरान बोले — जनविरोधी नीतियों पर अंकुश लगाने के लिए भाजपा को जिताएं
घाटशिला/ जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत
घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को हो रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में मोर्चा संभालते हुए घाटशिला के डाहिगोड़ा क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क अभियान के दौरान झामुमो गठबंधन सरकार पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि झामुमो राज में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो चुकी हैं। घाटशिला और आसपास के लोगों को आज भी इलाज के लिए ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठाए सवाल
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य बीमारियों का भी उचित इलाज नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने में विफल रही है।
हाल ही में चाईबासा में थैलसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त मिलने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।
सड़क हादसे व अस्पताल की कमी बनी बड़ी चुनौती
पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में घायलों के त्वरित इलाज की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है।
जनता की वर्षों पुरानी मांग के बावजूद घाटशिला अनुमंडल अस्पताल का उन्नयन और ब्लड बैंक की स्थापना अब तक नहीं की गई है।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को समर्थन देने की अपील
डॉ. गोस्वामी ने जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाएं ताकि झामुमो गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह राजनीतिक शक्ति है जो जनता की वास्तविक समस्याओं को समझती है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का जुटा जनसमर्थन
इस जनसंपर्क अभियान में डॉ. गोस्वामी के साथ घाटशिला जिला मंत्री गीता मुर्मू, मंडल अध्यक्ष कौशिक कुमार, महामंत्री सुखेन दास, हरप्रीत सिंह, भास्कर नायक, संध्या मंडल, अजय चक्रवर्ती, शंकर कालिंदी, गोविंदा बेहरा, दुखीराम बिसोई, लखीकांत बड़ी, आलोक दे और बिस्वनाथ भट्टाचार्जी सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
।
