जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर में युवाओं की एक टोली ने तैयार किया कृत्रिम छठ घाट
लगभग 2000 व्रतियों को मिलती है राहत, 1990 से जारी है सिलसिला
जमशेदपुर : शहर में जिला प्रशासन, राजनीतिक दल, स्वयंसेवी संगठन एक ओर पिछले कई दिनों से लोक आस्था के महान छठ महापर्व की तैयारी में जुटा हुआ है। इन सबसे अलग बगैर किसी वित्तीय सहयोग के कदमा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर दो में युवाओं का एक ऐसा समूह भी है जो छठ व्रतियों के लिए 1990 से कृत्रिम छठ घाट तैयार कर रहा है। मकसद है व्रतियों को कोई परेशानी नहीं हो।
हर साल युवा आपसी सहयोग से खरकाई नदी में डेढ़ सौ फीट कृत्रिम पुल का निर्माण करते हैं, ताकि छठ व्रत्ति एवं श्रद्धालु आराम से यहां पूजा अर्चना कर सके। युवाओं ने बताया कि हर साल यहां करीब डेढ़ से 2000 श्रद्धालुओं का जुटान होता है। साफ- सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी युवा अपने कंधे पर उठाते हैं। युवाओं ने प्रशासन से अपील की है कि यहां एक स्थाई छठ घाट का निर्माण कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को हर साल होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।
बता दें कि जिस जगह पर कृत्रिम छठ घाट बनाया गया है वहां काफी गहरा पानी है और उबड खबर रास्ते हैं। मगर बीते 25 वर्षो से स्थानीय युवा अपने हौसले और जज्बे से यहां श्रद्धालुओं के लिए कृत्रिम पुल का निर्माण कर रहे हैं जो अपने आप में एक मिसाल है।
