जमशेदपुर में दिखा गोधन पूजा का उल्लास, बहनों ने की भाइयों की लंबी उम्र की कामना
जमशेदपुर : भाई- बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक पर्व गोधन पूजा आज पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में मनाया जा रहा है। जमशेदपुर शहर में भी इस पर्व को धूमधाम से मनाया गया। जमशेदपुर में सुबह से ही महिलाओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। शहर के मानगो, साकची, बारीडीह और कदमा क्षेत्रों में महिलाओं ने परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना की। अहले सुबह स्नान के बाद महिलाओं ने पूजा स्थल को सजाया और गोबर से पूजा का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार किया। इसके बाद भाई की लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करते हुए गोधन पूजा संपन्न की।
गोधन पूजा में बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाती हैं और उसके मंगलमय जीवन की प्रार्थना करती हैं। बदले में भाई अपनी बहन को उपहार और आशीर्वाद देता है। यह परंपरा भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता को मजबूत करती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोधन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि पारिवारिक एकता और प्रेम का उत्सव भी है। महिलाएं इस दिन गीत गाकर, आरती उतारकर और दीप जलाकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाती हैं। पूरे शहर में सुबह से ही पर्व का माहौल दिखा। जगह- जगह महिलाएं पारंपरिक परिधान में नजर आ रही हैं। बच्चों में भी इस त्योहार को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। इसमें बजरी खिलाने का रस्म है जिसे बहन अपने भाइयों को खिलाती है और उसके लंबी उम्र की कामना करती है।
