जमशेदपुर : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से आगामी 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में ‘Sardar@150 Unity March’ का आयोजन किया जाएगा।
इस राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोकर एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी।
यह अभियान युवाओं को एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में युवा देशभक्ति का जोश लिए शामिल होंगे। इस मार्च के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर मिलेगा।
