चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाए गए भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारूद बरामद किए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान यह सफलता पुलिस, सीआरपीएफ 174 बटालियन और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम को मिली है।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जेटेया थाना क्षेत्र के बुरूबोड़ता जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। 17 अक्टूबर को अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते की सहायता से इलाके से बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में एक इंसास राइफल, 460 जिंदा कारतूस, चार इंसास राइफल के मैगजीन, दो एसएलआर मैगजीन, दो राइफल मैगजीन, नौ खाली चार्जर, दो सीलिंग सिरिंज, पिट्ठू बैग, कंबल, नक्सली पर्चे, नोटबुक और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। एसपी अमित रेनू ने बताया कि नक्सली इन हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना में कर सकते थे। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है और जल्द ही और भी सफलता मिलने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक ने नक्सलियों से अपील की कि वे झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में लौट आएं।
