सोमेश चंद्र सोरेन ने की भावुक अपील, कहा-घाटशिला को शिक्षा का हब बनाना चाहते थे
नामांकन सभा को सीपीआई, माले, राजद और कांग्रेस नेताओं ने भी किया संबोधित
जमशेदपुर : झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि जिस तरह से आप सभी ने अपना प्यार और आशीर्वाद बाबा पर बनाए रखा था, उसी तरह वह उन पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि उनके बाबा पहले सिर्फ विधायक थे, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें मंत्री पद दिया। वे दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में अपने नामांकन के बाद आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उनके पिता का इस विधानसभा क्षेत्र से बेहद लगाव था। वे अपने क्षेत्र को एजुकेशन हब बनाना चाहते थे। हालांकि दुख की बात है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे आशा करते हैं कि उनके जितने भी अधूरे कार्य और सपने हैं, उन्हें आप सभी के सहयोग से पूरा करेंगे।
सोमेश ने कहा कि मुख्यमंत्री के समर्थन से उनके पिता ने शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम किया। मुसाबनी में डिग्री और इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाने की शुरुआत की, जबकि घाटशिला में पंडित रघुनाथ मुर्मू के नाम पर जनजातीय विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने भावुक संबोधन में लोगों से जिताने की अपील की।
सीपीआई का पूरा समर्थन : महेन्द्र
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि हम सीपीआई की ओर से झामुमो प्रत्याशी को समर्थन देने आए हैं। कल से ही क्षेत्र में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से हमारी पार्टी के विधायक पांच बार रहे हैं। इस नाते हमारी भी पकड़ है। हमारे कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के लिए प्रयासरत थे। परंतु उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना नहीं, जीतना हमारा मकसद होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर के माध्यम से पिछले दरवाजे से एनआरसी लागू करने का प्रयास कर रही है। उसे जनता विफल कर दे, क्योंकि भाजपा लाखों लोगों का मताधिकार छीनने का प्रयास कर रही है।
इससे पूर्व मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि सोमेश सोरेन को यहां की जनता जिताकर विधान सभा भेज दे। उन्होंने कहा कि आप सभी को सावधान रहना होगा क्योंकि पीछे से खंजर घोंपने वाले हमारे खिलाफ चुनाव में हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने कभी झारखंड आंदोलन को स्वीकार नहीं किया। झारखंड को वनांचल और आदिवासियों को वनवासी कहते रहे। कहा, आप सभी सोमेश सोरेन को आशीर्वाद दें ताकि वे रामदास दा के अधूरे सपनों को पूरा कर सकें। कार्यक्रम का संचालन काजल डान ने किया।
ये भी मौजूद रहे
नामांकन सभा को पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला 20 सूत्री के उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, भाकपा के जिला सचिव अंबुज ठाकुर ने भी संबोधित किया। सभा में कांग्रेस के बहुत से नेता पहुंचे थे जिनमें अशोक चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, विजय खां, विजय यादव, आनंद बिहारी दुबे, जिप सदस्य डॉ. परितोष सिंह, कमलेश पांडेय के अलावा राजद नेत्री अनीता यादव व ललन यादव, माले नेता ओम प्रकाश सिंह सहित सहयोगी दलों के अनेक नेता मौजूद रहे।
