पटमदा के जाल्ला में बेकाबू कार ने बिजली के खंभे को मारी टक्कर, दर्जनों गांव में बिजली गुल
पटमदा: रविवार को शाम करीब 5.30 बजे लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से लौट रही एक अनियंत्रित कार ने एक बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। 33 हजार वोल्ट के तार व खंभे (रेल पोल) में जोरदार टक्कर से तिलाबनी फीडर एवं बोड़ाम प्रखंड के सभी गांवों में बिजली गुल हो गई है।
घटना पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय पटमदा, जाल्ला के पास बेलटांड़ -रघुनाथपुर मुख्य सड़क के किनारे हुई। घटना के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार पर सवार लोगों की पिटाई कर दी। इस दौरान कार सवार इधर -उधर भागे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक फोर्ड कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। सूचना पाकर पहुंची पटमदा पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए कार को जब्त किया है।
इधर सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने लाइनमैन मोहम्मद महमूद को घटनास्थल पर भेजकर जानकारी ली और रात भर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सारी रात काम करो ताकि जल्द से जल्द बिजली की आपूर्ति शुरू कराया जा सके। इस घटना के बाद दर्जनों गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है और रात्रि 12 बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।
