राहुल गांधी कोभाजपा प्रवक्ता की कथित धमकी पर गरमाई राजनीति: जमशेदपुर कांग्रेस ने दी थाने में लिखित शिकायत
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रवक्ता द्वारा एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित तौर पर ‘गोली मारने’ की धमकी दिए जाने के मामले में राजनीति गरमा गई है।

इस गंभीर बयान को लेकर देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में, जमशेदपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में राहुल गांधी को धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए बिस्टुपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

क्या लिखा है शिकायत में
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे की ओर से बिष्टुपुर थाना में की गई शिकायत में कहा गया है कि हाल ही में एक टेलीविजन प्रेस डिबेट (मलयालम चैनल) के दौरान भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व एबीवीपी अध्यक्ष प्रिंटू महादेव ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से यह बयान दिया कि ‘राहुल गांधी के सीने में गोली मारी जाएगी।
यह बयान सोशल मीडिया, समाचार पोर्टलों तथा समाचार पत्रों में लगातार प्रकाशित एवं प्रसारित हो रहा है, जिससे देश भर में भय, असुरक्षा और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न उत्पन्न हुआ है।
प्रिंटू महादेव द्वारा इस प्रकार की हिंसा भड़काने वाले बयान से न केवल राहुल गांधी की जान को संकट है, बल्कि यह देश के कानून, संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी घोर उल्लंघन है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने अपनी शिकायत में थाना प्रभारी से निवेदन किया है कि
उपरोक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रिंटू महादेव पर भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
आनंद बिहारी दुबे ने अपने शिकायत पत्र में
- प्रिंट मीडिया/ ऑनलाइन खबर की कॉपी/लिंक और
- वीडियो / ऑडियो फुटेज
https://x.com/Luv DattalNC/status/1972347228758106325?t=wHjLAofQ1BSAGI8hscg4iw
&s=19 को संलग्न किया है.
बताते चलें कि थाना में शिकायत दर्ज करने आनंद बिहारी दुबे बड़ी संख्या में कांग्रेसियों को साथ लेकर गए थे.
जान से मारने की धमकी को लेकर रोष
कांग्रेस पार्टी ने इस बयान को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा और जान को खतरा बताते हुए इसे बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय करार दिया है। शिकायत में कहा गया है कि भाजपा के पैनलिस्ट द्वारा खुलेआम टीवी पर ऐसी धमकी देना दर्शाता है कि यह विपक्ष की आवाज़ को दबाने की एक सोची-समझी साजिश है और यह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कांग्रेस ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस को दी गई शिकायत में भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के भड़काऊ और हिंसक बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने यह भी चेताया है कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो पार्टी जमशेदपुर में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखकर भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि यह धमकी केवल जुबान फिसलना नहीं है, बल्कि विपक्षी नेताओं के प्रति हिंसा को सामान्य बनाने की एक खतरनाक कोशिश है।
देशभर में विरोध प्रदर्शन
जमशेदपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराने की कार्रवाई, देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों की श्रृंखला का हिस्सा है। कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाले हैं और भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उनका मानना है कि इस तरह की धमकियां लोकतंत्र के लिए एक खतरे की घंटी हैं।
