जमशेदपुर: घाटशिला उप चुनाव के लिए मतदाता सूची का प्रारूप मंगलवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने जारी कर दिया। उन्होंने समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि आज से मतदाता सूची में नाम जोड़ने का काम शुरू हो गया है। यह 17 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान दावा-आपत्ति भी की जा सकेगी। 25 सितंबर को दावा-आपत्ति का अंतिम रूप से निष्पादन कर दिया जाएगा और 29 सितंबर को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन कर दिया जाएगा। अनुमान है कि बिहार विधान सभा चुनाव के साथ संभवत: नवंबर में घाटशिला का उप चुनाव कराया जाएगा।
कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला विधान सभा क्षेत्र में वर्तमान में कुल 2,51,367 मतदाता हैं। इनमें पुरुष वोटरों की संख्या 1,23,314 और महिलाओं की संख्या 1,28,050 है। तीन थर्ड जेंडर और एक एनआरआई वोटर भी हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2648, 18 से 19 साल के वोटरों की संख्या 13308 जबकि 85 से अधिक उम्र के मतदाताओं की तादाद 636 है। घाटशिला में प्रति हजार पुरुष वोटरों पर 1038 महिला मतदाता हैं। जबकि 100 लोगों की जनसंख्या में वोटरों की संख्या 62.3 है।
उन्होंने बताया कि बूथ नंबर 53, 113, 122 और 135 को बदला जाएगा। साथ ही तीन बूथ ऐसे हैं जिनका स्थानांतरण या समायोजन किया जाना है। इनमें बूथ नंबर 54, 156 और 165 शामिल हे। तीन अन्य बूथों का विलय किये जाने की योजना है। इनमें 202, 203 और 205 शामिल हैं। इसके अलावा 1200 से अधिक वोटर वाले कुल 12 बूथों का गठन किया जाना है। इनमें बूथ नंबर 7, 36, 109, 123, 137, 200, 207, 242, 277, 242, 277, 286, 288, 299 शामिल हैं।

