अंबुज भाकपा की राज्य कार्यकारिणी, निगमानंद पाल और हीरा समिति में शामिल
जमशेदपुर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) झारखंड राज्य का तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन रांची के मोरहाबादी स्थित अभिवादन मैरिज हॉल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में सर्वसम्मति से 45 सदस्यीय राज्य कमेटी बनाई गई, जिसमें से 21 सदस्यों की कार्यकारिणी समिति शामिल है। प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक फिर निर्विरोध राज्य सचिव चुने गए। कोल्हान प्रमंडल से अम्बुज ठाकुर को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। दूसरी ओर, सिंहभूम जिला परिषद् के सदस्य निगमानंद पाल और हीरा अरकने राज्य समिति के सदस्य बनाए गए हैं। सम्मेलन में जमशेदपुर से धनंजय शुक्ला, सूरज नाथ, जय शंकर प्रसाद, श्रवण कुमार, एस विश्वकर्मा, राम हरी बेरा, जगमोहन समद, विक्रम कुमार, प्रिंस सिंह आदि शामिल हुए।
इससे पूर्व सम्मेलन को भाकपा के राष्ट्रीय सचिव राम कृष्ण पंडा और नागेंद्र नाथ ओझा ने संबोधित किया और राज्य प्रभारी तथा पर्यवेक्षक के रूप में सम्मिलित हुए।
सम्मेलन में पार्टी ने देश और राज्य की राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर चर्चा की और कई प्रस्ताव पारित किए। इनमें चार लेबर कोड के खिलाफ, विस्थापितों को बसाना व लैंड बैंक को समाप्त करना, दलितों व आदिवासियों का उत्थान, सूर्या हंसदा के हत्या की जांच और मतदाता सूची नये सिरे से बनाने के आदेश को निरस्त करना शामिल है। सम्मेलन में सिंहभूम जिला परिषद से 18 प्रतिनिधियों ने जिला सचिव अम्बुज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में भाग लिया।

