सरायकेला में चेक डैम में नहाने के दौरान एक ही गांव के चार युवकों की डूबने से मौत
सरायकेला : खरसावां थाना क्षेत्र के दलाईकला के पास स्थित चेक डैम में नहाने के दौरान एक ही गांव के चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। सभी युवक दलाई कला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान गौरव मंडल, हरिवास दास, सुनील साहू और मनोज साहू के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 9 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक गांव के कुल छह युवक चेक डैम में नहाने पहुंचे थे। इनमें से चार युवकों ने पानी में छलांग लगाई जबकि दो युवक बाहर ही खड़े थे। बताया जा रहा है कि छलांग लगाते समय युवकों का सिर पानी के अंदर मौजूद किसी पत्थर से टकरा गया, जिससे वे बेहोश होकर पानी में डूब गए और बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद से गांव में शोक और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से चारों शवों को बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
