चोरी करने वाले पांच अपराधी आदित्यपुर में धराए
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसवां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर गहना और अन्य सामानों की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चांदी, तांबा, पीतल के बर्तन, मूर्तियां, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि 12 जुलाई को बैंक कॉलोनी, मांझी टोला निवासी विपिन पाल के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में छापामारी कर राजू लोहार, रोहित दास, अंकित हेसा, वीरेन्द्र प्रसाद और मो. फारुक को गिरफ्तार किया गया। इनमें राजू लोहार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके पास से चांदी का गिलास, प्लेट, तांबे का दीपक और प्लेट, आर्टिफिशियल हार सेट, पीतल के गिलास, लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्तियां, तांबा का लोटा, नटराज की मूर्ति, एलुमीनियम की ओखली, गैस चूल्हे के बर्नर, पूजा की घंटी समेत कई अन्य सामान शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापामारी दल में आदित्यपुर थाना के कई पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल थे।
