मानगो नगरपालिका चुनाव : ओबीसी के लिए मेयर सीट आरक्षित करे सरकार : राजद
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जिला इकाई ने राज्य सरकार से मेयर पद को ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग), पिछड़ा या अति पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित करने की मांग की है। राजद की ओर से इस संबंध में एक मांग पत्र जिले के उपायुक्त के माध्यम से झारखंड सरकार को भेजा गया है।
राजद जिला अध्यक्ष ने कहा कि मानगो नगरपालिका क्षेत्र ओबीसी, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग बहुल इलाका है, जहां बड़ी आबादी इन्हीं वर्गों की है। ऐसे में इस क्षेत्र की समस्याएं और जमीनी हकीकत को कोई ओबीसी, पिछड़ा या अति पिछड़ा वर्ग का जनप्रतिनिधि ही बेहतर ढंग से समझ सकता है और प्रभावी रूप से उसकी आवाज उठा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर इस क्षेत्र की जनता को सशक्त बनाना है और स्थानीय स्तर पर न्यायसंगत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है तो यह जरूरी है कि मेयर पद को सामाजिक न्याय के आधार पर आरक्षित किया जाए।
