Gangster akhilesh singh: जमशेदपुर में गैंगस्टर अखिलेश सिंह के गिरोह को फंडिंग करनेवालों पर पुलिस कस रही शिकंजा, कई कारोबारी निशाने पर
जमशेदपुर : गैंगस्टर अखिलेश सिंह के संबंध रखने व फंड जुटाने में सक्रिय भूमिका निभानेवाले लोगों. खासकर कारोबारियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इससे कारोबारियों में हडक़ंप देखा जा रहा है. एक दिन पहले अखिलेश के करीबी व कानपुर से पुलिस की गिरफ्त मे आए कन्हैया सिंह से जुड़े लोगों पर पुलिस ने दबिश दी. गोलमुरी थाना क्षेत्र के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया तो जुगसलाई के एक चर्चित कारोबारी को करीब 18 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की.
इससे पहले कन्हैया सिंह पुलिस को बता चुका है कि अखिलेश सिंग गैंग को कहां से फंडिंग होती है और किन-किन कारोबारियों से उसके तार जुड़े हुए हैं.
कन्हैया सिंह से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने शहर के कई इलाकों में छापेमारी भी की है. सूत्रों की मानें तो पुलिस को कई अहम जानकारी हाथ लगी है.
इसी क्रम में गोलमुरी थानाक्षेत्र के गाड़ाबासा से पुलिस ने दो भाइयों विशाल जायसवाल और प्रभुनाथ जायसवाल को कन्हैया सिंह के लिए रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चार हथियार और गोलियां बरामद की है.
