घाटशिला उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के नामांकन में पहुंचे मुख्यमंत्री
नामांकन सभा को किया संबोधित, बोले- विरोधी की जमानत जब्त हो जानी चाहिए
हमलोग लूट-खसोट नहीं, यहां की मिट्टी की करते हैं रक्षा
सोमेश सोरेन की जीत रामदास दा के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी
जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जिस तरह पिछले विधानसभा चुनाव में घाटशिला वासियों ने रामदास सोरेन को रिकॉर्ड 20-22 हजार मतों से जिताया, उसी तरह इस बार भी सोमेश चंद्र सोरेन को जिताएं। विरोधी की जमानत जब्त हो जानी चाहिए। वोट बंटना नहीं चाहिए। सुना है हमारे विरोधी दल के एक दर्जन मुख्यमंत्री यहां डेरा डाले हुए हैं। वे दो दर्जन भी मुख्यमंत्री ले आएं तो यहां का एक सीएम ही उनपर भारी पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि यहां के मुख्यमंत्री हम नहीं, जनता है। वे शुक्रवार को घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी पार्टी आरोप लगाती है कि हम लोग लूट-खसोट करते हैं। लेकिन हकीकत में हम यहां की मिट्टी की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह खुशी का चुनाव नहीं है। उपचुनाव इसलिए हो रहा, क्योंकि हमारे प्रिय नेता रामदास सोरेन का आकस्मिक निधन हो गया। इसलिए सोमेश सोरेन की जीत रामदास दा के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विपक्ष के लोगों की नजर ऐसी है, जैसे बिल्ली छिपकर दूध पीती है। वे लोग छिपकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने आजतक कुछ नहीं किया। उन्होंने चुनौती भरे स्वर में कहा, जबतक हम हैं, उन्हें जीतने नहीं देंगे।
विशेष परिस्थिति में होता है उपचुनाव
सीएम ने कहा कि उपचुनाव विशेष परिस्थिति में होता है। हाल में गुरुजी का निधन हो गया। उनके पीछे रामदास दा की भी मृत्यु हो गई। यह भी संयोग है कि दोनों का निधन दिल्ली में हुआ। इसमें कोई न कोई ऐसी बात जरूर है, जो हम समझ नहीं पा रहे हैं। इससे पूर्व सोमेश चंद्र सोरेन ने घाटशिला अनुमंडल कार्यालय जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सहयोगी दल के प्रमुख नेता मौजूद रहे। नामांकन सभा को झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन, मंत्री दीपक बिरुवा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सिंदरी से माले के विधायक बबलू महतो, झामुमो विधायक निरल पूर्ति, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व मंत्री और राजद नेता सत्यानंद भोक्ता व मथुरा महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
तीन ने नामांकन किया, दो ने खरीदा पर्चा
जमशेदपुर: घाटशिला उप चुनाव में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को तीन लोगों ने नामांकन किये। इनमें झामुमो के सोमेश सोरेन, भाजपा के बाबूलाल सोरेन और निर्दलीय श्रीलाल किस्कू शामिल हैं। इससे पूर्व गुरुवार को परमेश्वर टुडू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहला नामांकन किया था। इस प्रकार कुल चार लोग नामांकन का पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
दूसरी ओर, शुक्रवार को दो लोगों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। इनमें दुमका के श्रीलाल किस्कू और धालभूमगढ़ के दुखीराम मार्डी शामिल हैं। इस तरह अभी तक कुल 13 लोगों ने नामांकन का प्रपत्र खरीदे हैं जबकि चार ने ही पर्चा दाखिल किया है। इस वजह से अंतिम दिन मंगलवार को नौ लोग नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। 21 अक्तूबर को नामांकन का आखिरी दिन है।

