मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने पदभार संभाला, कहा-प्रोटोकॉल से ज्यादा जनहित को प्राथमिकता देंगी
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने शुक्रवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान निगम कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
इस दौरान सुधा गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों के मार्ग में भवन संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रोटोकॉल से ज्यादा जनहित को प्राथमिकता देंगी।
इस मौके पर उप मेयर राहुल कश्यप और उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर नई मेयर का स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने निगम के कर्मचारियों से मुलाकात की और सभी के साथ मिलकर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। फिलहाल, नई मेयर के पदभार संभालने के साथ ही मानगो क्षेत्र में विकास को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
