सरायकेला खरसावां जिले के सांपड़ा पुल से युवक ने लगाई छलांग, मौत की जताई जा रही आशंका
सरायकेला : झारखंड के विभिन्न जिलों में आत्महत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्वी सिंहभूम जिले में तो बीते एक पखवारे में तीन चार लोगों ने अलग-अलग कारणों से आत्महत्या की।
ताजा मामला सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर और कपाली थाना क्षेत्र का है। यहां आदित्यपुर और कपाली थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सांपड़ा पुल से सोमवार दोपहर एक स्कूटी सवार युवक ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकालने में जुट गई.
युवक की पहचान तमोलिया निवासी वरुण के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वरुण काले रंग की स्कूटी (संख्या JH05CU-8657) से पुल पर पहुंचा.
उसने स्कूटी खड़ी की और सीधे पुल से नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद पुल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. वैसे समाचार प्रकाशित किए जाने तक शव का रेस्क्यू नहीं किया जा सका है.
दूसरी ओर आत्महत्या के प्रमुख कारणों पर गौर करें तो मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं जैसे अवसाद, चिंता, द्विध्रुवी विकारऔर नशीली दवाओं का सेवन सबसे प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, वित्तीय दबाव, रिश्तों में तनाव, अकेलापन, पारिवारिक हिंसा, प्रियजन की मृत्यु, और क्रोनिक शारीरिक बीमारियां भी आत्मघाती विचारों को जन्म दे सकते हैं.
