गालूडीह में फायरिंग व चाकूबाजी मामले में एक आरोपी असलहा समेत गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2026 को हुई फायरिंग और चाकूबाजी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार, गालूडीह थाना अंतर्गत खड़िया कॉलोनी स्थित ताराचंद महतो की सिंगर मशीन दुकान में अज्ञात अपराधियों ने घुसकर गोली और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
घटना के बाद गालूडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था.
लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 4 फरवरी 2026 को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे के रूप में हुई है, जो पूर्वी सिंहभूम जिले का निवासी बताया गया है.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है. ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले की जांच आगे भी जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
