चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में जंगली हाथी का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के गिडुंग गांव में शुक्रवार देर रात जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई।
मृतक की पहचान गिडुंग गांव निवासी लक्ष्मण देवगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब दस बजे लक्ष्मण देवगन अपने घर के आंगन में अलाव जलाकर आग ताप रहे थे।
इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और लक्ष्मण पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, लक्ष्मण देवगन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और हाथी के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है।
