जमशेदपुर के जुगसलाई में गोलीबारी, जफर अली उर्फ राजू को लगी गोली, पुलिस कर रही मामले की जांच
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मिल्लत नगर में शुक्रवार की देर शाम उस वक्त अफरा- तफरी मच गई जब अचानक गोली चलने की आवाज गूंजने लगी।
इस घटना में स्थानीय युवक जफर अली उर्फ राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जफर अली अपने घर के पास खड़ा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह घटना पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस गोलीकांड के बाद मिल्लत नगर क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है।
