गुमला : झारखंड के गुमला जिला स्थित एक विद्यालय में खेल-खेल में एक छात्रा की आंख फूट गई। मामला जिले के रायडीह स्थित बनवारी लाल साहू राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवागढ़ का है। 7वीं की 13 वर्षीय छात्रा विद्यावती कुमारी की दाहिनी आंख में गंभीर चोट आई है। लापरवाही का आलम यह कि घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रा को अकेले स्कूल भेज दिया। काबिलेतारीफ यह कि यह जब छात्रा इलाज कराने रायडीह समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची तो नेत्र विशेषज्ञ नहीं रहने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों ने रुई लगाकर उसे वापस भेज दिया। स्वास्थ्य केंद्र में उसका पंजीयन तक नहीं किया गया।
घटना के अगले दिन जब छात्रा के परिजन उसे गुमला लेकर पहुंचे तो रविवार की छुट्टी के कारण उस दिन भी उसका इलाज नहीं हो सका। उसके बाद परिजनों ने एक निजी क्लिनिक में उसका इलाज कराया लेकिन वहां भी कोई सुधार नहीं हो पाया। जानकारी मिलने के बाद गांव के मुखिया, पंचायत समिति के सदस्य ने बीडीओ से मिला विद्यालय के शिक्षक और डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
