जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी ! टेल्को में महिला को स्कूटी समेत धक्का देकर गिराया, बच्ची संग घायल, वीडियो वायरल, लोगों का फूटा गुस्सा
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के जी हॉस्टल के पास शनिवार को गोलमुरी ट्रैफिक थाना की पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक महिला और उसकी बच्ची के साथ अमानवीय बर्ताव की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ स्कूटी से वहां से गुजर रही थी। जैसे ही उसने पुलिस टीम को देखा, वह घबरा गई और स्कूटी मोड़कर वापस जाने लगी।
इसी दौरान गोलमुरी ट्रैफिक थाना के सिपाही कमलेश राय ने उसे रोकने की कोशिश में दौड़ते हुए स्कूटी को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे महिला और उसकी बच्ची सड़क पर जा गिरे।
महिला के गिरते ही सिपाही घबरा गया और मौके से भाग निकला, लेकिन मामला यहीं नहीं थमा।
चश्मदीदों के मुताबिक, जब महिला फिर से उठकर स्कूटी स्टार्ट कर आगे बढ़ने लगी, तभी अन्य पुलिसकर्मी पीछे से पहुंचे और फिर से स्कूटी को धक्का दे दिया, जिससे महिला दोबारा गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोग उग्र हो गए और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
लोगों ने कहा कि “पुलिस सुरक्षा देने के लिए है, डराने या गिराने के लिए नहीं। एक महिला के साथ बच्ची के सामने ऐसा व्यवहार शर्मनाक है।”
स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह पुलिसकर्मी महिला को रोकने के नाम पर उसे धक्का देते हैं और वह बच्ची समेत सड़क पर गिर जाती है।
शहरवासियों में ट्रैफिक पुलिस की इस बर्बरता को लेकर भारी आक्रोश है।
लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि “ऐसे पुलिसकर्मी वर्दी के नहीं, जनता के खिलाफ हैं।”
इस घटना के बाद पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने घटना का वीडियो संज्ञान में लिया है और गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी से पूरी रिपोर्ट तलब की गई है।
फिलहाल, शहर में यह चर्चा का विषय बन गया है कि ट्रैफिक नियमों के नाम पर पुलिस कितनी मनमानी कर सकती है, और क्या जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली वर्दी अब डर का प्रतीक बनती जा रही है।
(नोट : वायरल वीडियो की वास्तविकता की टाउन पोस्ट पुष्टि नहीं करता है. )
