गुड़ाबांदा : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने शनिवार को हेमन्त सरकार पर गुड़ाबांदा के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विगत 6 वर्षों में हेमन्त सरकार ने गुड़ाबांदा प्रखंड में एक भी उद्योग स्थापित नहीं किया। रोजगार के लिए गुड़ाबांदा के युवा दक्षिणी भारत के राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं में गुड़ाबांदा पिछड़ा हुाआ है। डॉ गोस्वामी आज गुड़ाबांदा प्रखंड के भाकर गांव में जन संपर्क के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। जन संपर्क अभियान अभियान में डॉ गोस्वामी के साथ मंडल अध्यक्ष पुलक गांतात, जिला मंत्री गौर चन्द्र पात्र, किसान मोर्चा जिला महामंत्री सुमंत श्यामल, जिला उपाध्यक्ष हेमन्त नारायण देव, खिजरी के पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, युवा मोर्चा जिला महामंत्री दुर्गा गिरी तथा प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। 12 अक्टूबर को हातियापाटा गांव में भाजपा गुड़ाबांदा मंडल का बूथ सम्मेलन आयोजित होगा।
इस सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर दिनेशानंद गोस्वामी सहित कई नेता शिरकत करेंगे।
